news-details

डंपर-स्कूल बस की आमने-सामने टक्कर, शिक्षिका की मौत, छह घायल

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कानपुर-सागर हाईवे पर शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार डंपर और स्कूल बस की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में चीना पब्लिक स्कूल की शिक्षिका ऐश्वर्या श्रीवास्तव (35) की मौत हो गई, जबकि तीन छात्रों समेत छह लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के शीशे टूटकर अंदर बिखर गए। कांच के टुकड़े कई लोगों की आंख, सिर और गर्दन में जा लगे। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल दो शिक्षकों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। हादसा सुबह करीब आठ बजे बिधनू थाना क्षेत्र के हरबसपुर गांव के पास हुआ। घाटमपुर स्थित चीना पब्लिक स्कूल के शिक्षक और विद्यार्थी गांधी जयंती के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। बस में पांच छात्रों समेत करीब 35 लोग सवार थे। इसी दौरान सामने से आ रहे मौरंग लदे डंपर से बस की टक्कर हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने डंपर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

डंपर से बचाने के प्रयास में हुई टक्कर
स्कूल बस चालक अर्जुन ने बताया कि वह नौबस्ता से बस लेकर घाटमपुर जा रहे थे। हरबसपुर गांव के पास सामने से मौरंग लदा डंपर आता दिखाई दिया। डंपर से बचने के लिए उन्होंने बस को सड़क से नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन डंपर ने बस के किनारे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस के एक तरफ के शीशे टूटकर अंदर बिखर गए। बस में सवार कई लोग कांच लगने से घायल हो गए।

शिक्षिका की मौत की खबर सुनकर बेसुध हुईं प्रिंसिपल
हादसे की जानकारी मिलने पर स्कूल की प्रिंसिपल सुभांगी सिंह भी अस्पताल पहुंचीं। वह अपनी कार से बस के पीछे आ रही थीं। बिधनू सीएचसी में शिक्षिका ऐश्वर्या की मौत की खबर सुनते ही वह बेसुध हो गईं। साथी शिक्षिकाओं ने उन्हें संभाला। वह बार-बार यही कहती रहीं कि ऐश्वर्या के घरवालों को क्या जवाब देंगी। शिक्षिका की मौत से स्कूल परिवार में शोक छा गया।

शिक्षक बोले- सामने से मौत आती दिखाई दे रही थी
स्कूल के गणित शिक्षक दीपक पाल ने बताया कि सामने से डंपर तेजी से बस की ओर आता दिखाई दे रहा था। चालक ने बस को बचाने का प्रयास किया, लेकिन टक्कर हो गई। हादसे का मंजर देखकर सभी सहम गए। स्कूल परिवार ने अपना एक साथी खो दिया है।

दो शिक्षकों को जिला अस्पताल किया गया रेफर
हादसे में घायल तौधकपुर निवासी शिक्षिका अंजू रीता (37) और जूही लाल कॉलोनी निवासी शिक्षक हिमांशु यादव (30) को उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। बिनगवां निवासी छात्र रौनक वर्मा की आंखों में कांच के टुकड़े लग गए। उसके साथ उसका भाई कनिष्क, नौबस्ता निवासी छात्रा मैत्री, गल्लामंडी निवासी सुहानी और मछरिया निवासी कुशाग्र भी बस में सवार थे। सागरपुरी निवासी अर्पित दीक्षित, दुर्गा चौहान और निखलेश्वर बाजपेई समेत अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। कुछ घायलों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थीं ऐश्वर्या
हादसे में जान गंवाने वाली विज्ञान शिक्षिका ऐश्वर्या श्रीवास्तव चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थीं। उनके दो भाई अमन और वैभव तथा एक छोटी बहन आकाशीय हैं। तीनों अभी पढ़ाई कर रहे हैं। उनके पिता पवन श्रीवास्तव घर पर रहते हैं, जबकि मां गुंजर श्रीवास्तव गृहिणी हैं। ऐश्वर्या पिछले पांच वर्षों से चीना पब्लिक स्कूल में पढ़ा रही थीं। इससे पहले वह मूसानगर के असेंट पब्लिक स्कूल में शिक्षिका थीं।

भाई से बोली थीं- आज जल्दी घर आ जाऊंगी
ऐश्वर्या के भाई अमन ने बताया कि उनकी बहन सुबह करीब साढ़े छह बजे घर से स्कूल के लिए निकली थीं। जाते समय उन्होंने मां से कहा था कि गांधी जयंती के कारण स्कूल में पढ़ाई नहीं होगी और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसलिए वह जल्दी घर लौट आएंगी। परिवार को उम्मीद थी कि वह जल्द वापस आ जाएंगी, लेकिन कुछ ही देर बाद उनकी मौत की खबर आ गई।

पुलिस ने डंपर कब्जे में लेकर शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही बिधनू पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। ग्रामीणों ने डंपर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि हादसे में घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है। डंपर को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है। शिकायत मिलने के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 


हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। डंपर को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल की जा रही है। शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।:थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह