
PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर। अंतरराष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस की पूर्व संध्या पर सोसाइटी योग ज्योति इंडिया के तत्वावधान में सनीगवां रोड स्थित आयु हॉस्पिटल में "हमारा संकल्प- ड्रग्स फ्री उत्तर प्रदेश" विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया गया।अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति अभियान के प्रमुख एवं योग गुरु ज्योति बाबा ने कहा कि नशा कोई शौक नहीं, बल्कि धीमा जहर है जो व्यक्ति, परिवार और समाज को बर्बाद कर देता है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जनभागीदारी जरूरी है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहकर स्वस्थ और विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष पीयूष रंजन सनातनी ने कहा कि नशे की वजह से घरेलू हिंसा, अपराध और सामाजिक विघटन की घटनाएं बढ़ती हैं। मुख्य संयोजक डॉ. आर.सी. शर्मा ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए जागरूकता अभियान तेज करने पर जोर दिया।कार्यक्रम में डॉ. अतुल कुमार मिश्रा, नवनीत उत्तम, पवन कुमार विश्वकर्मा समेत अन्य वक्ताओं ने तंबाकू, गुटखा और मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला। अंत में ज्योति बाबा ने उपस्थित लोगों को नशामुक्त उत्तर प्रदेश और नशामुक्त भारत बनाने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का संचालन सुदीप यादव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन पिंकी गौड़ ने दिया।