news-details

एचपीवी टीकाकरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर सुलतानपुर सम्मानित

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़  सुलतानपुर। किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान में सुलतानपुर ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जिले को मंडल स्तर पर दूसरा और प्रदेश स्तर पर टॉप-7 में स्थान मिला है। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मंडल स्तर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की ओर से जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।शासन के निर्देश पर 31 अगस्त 2026 तक 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। जिले में 28,998 किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके सापेक्ष अब तक 20,900 किशोरियों को टीका लगाया जा चुका है।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भारत भूषण ने बताया कि अभियान को शासन के निर्देशों के अनुसार प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य किशोरियों को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस संक्रमण और सर्वाइकल कैंसर के जोखिम से बचाना है। अभियान में गार्डासिल क्वाड्रिवैलेंट एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है।जिले में जिला महिला चिकित्सालय, नगरीय आयुष्मान आरोग्य मंदिर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, मुख्यमंत्री आरोग्य मेलों तथा बुधवार और शनिवार को आयोजित टीकाकरण सत्रों में पात्र किशोरियों को निःशुल्क टीका लगाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अभियान में सहभागिता कराकर पात्र किशोरियों का टीकाकरण कराने की अपील की है।