news-details

एशियन पैरा गेम्स में तेजलबेन डामोर ने जीता कांस्य, 200 मीटर में बनाया व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ

You can share this post!

गांधीनगर। गुजरात के दाहोद की दृष्टिबाधित धाविका तेजलबेन अमराजी डामोर ने जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन पैरा गेम्स 2026 में महिलाओं की 200 मीटर टी-12 स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के गांधीनगर स्थित राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र में प्रशिक्षण लेने वाली 24 वर्षीय तेजलबेन ने प्रतियोगिता में पदार्पण करते हुए अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।तेजलबेन ने हीट में 25.25 सेकंड का समय निकालकर फाइनल में जगह बनाई। इससे पहले उन्होंने सितंबर 2026 में दुबई पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री में 25.47 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता था।तेजलबेन ने अपनी सफलता का श्रेय कोच नितिन चौधरी को देते हुए कहा कि इस उपलब्धि के पीछे कड़ी मेहनत, अनुशासन और कोच का निरंतर मार्गदर्शन रहा है। दाहोद में सीमित संसाधनों के बीच उन्होंने वर्ष 2022 में पैरा एथलेटिक्स का सफर शुरू किया था। वर्ष 2025 की विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उन्होंने छठा स्थान हासिल किया, जबकि 2026 में राष्ट्रीय चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता।उनकी खेल तैयारी के लिए खेल मंत्रालय की वार्षिक प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिता योजना (एसीटीसी) के तहत 2,05,961 रुपये की वित्तीय सहायता दी गई है। साई गांधीनगर में उन्हें कोचिंग, प्रशिक्षण सुविधाएं और आवश्यक खेल संबंधी सहयोग उपलब्ध कराया जाता है।तेजलबेन की मुख्य स्पर्धा महिलाओं की 400 मीटर टी-12 है। इस स्पर्धा में उतरने से पहले 200 मीटर में कांस्य पदक जीतने से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है। वह इस लय को आगे भी बरकरार रखना चाहती हैं।खेल उपलब्धियों के साथ तेजलबेन का सपना अपने गृह क्षेत्र दाहोद में दृष्टिबाधित बच्चों के लिए विशेष दौड़ ट्रैक बनवाना है, ताकि उन्हें एथलेटिक्स में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल सकें।