
Pardarshi Vikas News Kushinagar
फाजिलनगर। नगर पंचायत फाजिलनगर के अध्यक्ष पद के उपचुनाव 2026 में पहली बार ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने अपना उम्मीदवार मैदान में उतारा है। पार्टी ने शिराजुद्दीन अंसारी उर्फ सिराज अंसारी को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। पार्टी के अनुसार, वे 15 अप्रैल को अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
जिला अध्यक्ष शहबाज अहमद की अध्यक्षता में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि AIMIM पहली बार फाजिलनगर में अपने चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ रही है। इस मौके पर विधान सभा अध्यक्ष नफीश अंसारी, नगर अध्यक्ष परवेज आलम, वरिष्ठ नेता ज्वाहर यादव, ब्लॉक अध्यक्ष कलामुद्दीन, नगर अध्यक्ष दुदही अशरफ अली, ब्लॉक सचिव अबू फजल, हाफिज सिद्दीकी, अरशद राजा, दानिश आलम, शहबाज सिद्दीकी, जहांगीर आलम समेत कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जिला अध्यक्ष शहबाज अहमद ने कहा कि पार्टी इस चुनाव में मजबूती से उतरेगी। उन्होंने बताया कि सफाई व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं और नगर पंचायत में व्याप्त भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को प्राथमिकता से उठाया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं और जनता को पार्टी की नीतियों से अवगत करा रहे हैं।
इस अवसर पर प्रत्याशी शिराजुद्दीन अंसारी उर्फ सिराज ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि नगर में टूटी सड़कों की मरम्मत, साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था, नालियों की नियमित सफाई, जलभराव की समस्या का समाधान और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना उनके मुख्य लक्ष्य होंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि जनता उन्हें मौका देती है तो वे पारदर्शी और ईमानदार तरीके से नगर का विकास करेंगे।
पार्टी नेताओं ने कहा कि उन पर अक्सर केवल एक समुदाय की राजनीति करने का आरोप लगाया जाता है, लेकिन AIMIM का लक्ष्य हर वर्ग, हर जाति और हर तबके की आवाज उठाना है। नेताओं ने दावा किया कि पार्टी ने कई स्थानों पर दलित और पिछड़े वर्गों को भी प्रतिनिधित्व दिया है।
फाजिलनगर उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। AIMIM की एंट्री के बाद मुकाबला और रोचक हो गया है। स्थानीय विकास, रोजगार, शिक्षा, सड़क और स्वास्थ्य जैसे मुद्दे इस चुनाव के केंद्र में रहने की संभावना है। अब देखना होगा कि जनता किसे अपना समर्थन देती है और यह चुनाव क्षेत्र की राजनीति को किस दिशा में ले जाता है।