news-details

फेसबुक दोस्ती के बाद डिजिटल गोल्ड ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़  लखनऊ। साइबर ठगों ने फेसबुक पर दोस्ती कर एक ठेकेदार को डिजिटल गोल्ड ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर 3.27 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने एक महिला समेत चार लोगों के खिलाफ साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैअलीगंज सेक्टर-एन निवासी दीपक अग्रवाल ने बताया कि वह श्री इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर हैं और जल निगम के ठेके लेकर ट्यूबवेल स्थापना व पानी की टंकियों का निर्माण कराते हैं।दीपक के अनुसार वर्ष 2025 में कारोबार में नुकसान चल रहा था। इसी दौरान अक्टूबर में फेसबुक के जरिए रीना अग्रवाल नाम की महिला से संपर्क हुआ। बाद में उसने अपना नाम स्वीटी अहलावत बताया और खुद को अमेरिका की डिजिटल गोल्ड मिरेकल (DGM) कंपनी में मार्केटिंग मैनेजर व एडवाइजर बताया।आरोप है कि स्वीटी ने अपनी बहन मीनू अहलावत और पिता अजीत सिंह अहलावत से भी बातचीत कराई। तीनों ने ट्रेडिंग में नुकसान न होने और भारी मुनाफे का भरोसा देकर 25 नवंबर 2025 को डीजीएम में अकाउंट खुलवाया।शुरुआत में 40 हजार रुपये जमा कराए गए, जिसके बाद लगातार निवेश कराया गया। पीड़ित का आरोप है कि ट्रेडिंग अकाउंट में प्रॉफिट सहित 10.23 लाख अमेरिकी डॉलर दिखाए गए, लेकिन रकम निकालने के लिए आयकर, स्टांप ड्यूटी और सेटलमेंट टैक्स के नाम पर रुपये मांगे गए।आरोपियों के कहने पर दीपक ने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 3 करोड़ 27 लाख 18 हजार 553 रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में आरोपियों ने मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिए और फेसबुक अकाउंट भी डिलीट कर दिया।पीड़ित ने बताया कि रकम जुटाने के लिए उन्होंने करीब दो करोड़ रुपये का बैंक लोन भी लिया था, जिसकी लाखों रुपये की मासिक किस्त अभी भी जमा कर रहे हैं।दीपक ने स्वीटी अहलावत, मीनू अहलावत, अजीत सिंह अहलावत और सुयोगा भटारिया पर संगठित तरीके से साइबर ठगी करने का आरोप लगाया है। साइबर थाना प्रभारी बृजेश यादव ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।