
PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा। फतेहाबाद कस्बे में मंडलीय परिषद फतेहाबाद की ओर से 'हमारे बुजुर्ग हमारी धरोहर' अभियान के तहत वृद्धजनों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में शामिल न हो पाने वाले बुजुर्गों के घर पहुंचकर परिषद के पदाधिकारियों ने उन्हें सम्मानित किया।पदाधिकारियों ने बुजुर्गों को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिह्न भेंट किए। इस दौरान श्री रामसनेही प्रधान ‘ताऊजी’ का विशेष सम्मान किया गया।सम्मान यात्रा में परिषद के महामंत्री सचिन अलेपुरैया, शानू कसेरे और गौरव गुप्ता शामिल रहे। पदाधिकारियों ने कहा कि बुजुर्ग समाज की मजबूत नींव हैं। उनका अनुभव और मार्गदर्शन नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।उन्होंने बताया कि घर-घर जाकर सम्मान करने का उद्देश्य समाज में बुजुर्गों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का संदेश देना है। सम्मान पाकर वृद्धजनों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। उन्होंने परिषद के इस प्रयास की सराहना करते हुए आयोजकों को आशीर्वाद दिया।