
PARDARSHI VIKASH NEWS गोंडा जिले में मंगलवार सुबह से ही तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सुबह के समय तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मौसम विभाग ने दिन में इसके 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई है। भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों को सुबह 11 बजे से शाम 3 बजे तक अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। गर्म हवाओं और तेज धूप से बचने के लिए लोग गमछा, दुपट्टा और अन्य सुरक्षात्मक उपायों का सहारा ले रहे हैं। गर्मी से राहत पाने के लिए कई लोग सरकारी ट्यूबवेलों पर नहाते नजर आए। नगर पालिका प्रशासन ने शहर के प्रमुख चौराहों पर शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की है तथा कई स्थानों पर वाटर कूलर और वाटर एटीएम भी लगाए हैं। वहीं, सरकारी गौ आश्रय केंद्रों में पशुओं को गर्मी से बचाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। जिला आपदा विशेषज्ञ राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि मानसून पूरी तरह सक्रिय होने तक अगले कुछ दिनों तक गर्मी का असर बना रह सकता है। प्रशासन लगातार एडवाइजरी जारी कर लोगों को लू और गर्मी से बचाव के उपायों की जानकारी दे रहा है।