
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती अपनी प्रदेश व्यापी यात्रा के दौरान गुरुवार को अमेठी पहुंचे। रामगंज, दुर्गापुर और अमेठी में बड़ी संख्या में लोगों ने उनका स्वागत किया। समाजवादी पार्टी के नेताओं की पूरी टीम उनके कार्यक्रम में स्वागत में नजर आई। नगर अमेठी में सपा महिला सभा की जिला अध्यक्ष गुंजन सिंह के संयोजन में उनके स्वागत का कार्यक्रम आयोजित किया गया।बड़ी संख्या में लोगों ने आरती, जयघोष और माल्यार्पण के साथ उनका स्वागत किया। शंकराचार्य ने सभी लोगों को गोमाता की रक्षा एवं सनातन संस्कृति की रक्षा की शपथ दिलाई। शंकराचार्य ने कहा कि वे गो माता की प्राण और प्रतिष्ठा की रक्षा के लिए प्रदेश व्यापी यात्रा पर निकले हैं, अभी तक 80-90विधानसभाओं में दौरा कर चुके हैं।हर जगह गो माता की दुर्दशा को लेकर हिंदू धर्म और सनातन धर्म को मानने वाले लोगों में असंतोष है। हमारी यात्रा का मकसद है कि आने वाले चुनाव में बिजली, पानी,सड़क और रोजगार के साथ गो रक्षा चुनावी मुद्दा बने। शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने मीडिया से बातचीत में मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ को सीधे निशाने पर लिया और कहा कि गोरक्षा पीठ से जुड़े मुख्यमंत्री के राज में गायों का बुरा हाल है।गौ माता के भक्तों का वोट लेकर सत्ता में बैठे बहुत से नेता गायों को कटवा रहे हैं। गाय माता हिन्दू धर्म का अभिन्न अंग है।इस समय प्रदेश की गोशालाओं में संरक्षित गायों का बुरा हाल है। उनके चारे पानी का समुचित प्रबंध नहीं है। हमारी मांग है कि गाय को पशु की श्रेणी से हटकर गो माता घोषित किया जाय। स्वागत कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष राम उदित यादव, विधानसभा अध्यक्ष मनीराम वर्मा, हरिशंकर जायसवाल, प्रतिभा यादव, सीमा वर्मा आदि पार्टी नेता मौजूद रहे।दुर्गापुर कस्बे में पूर्व प्रधान रायपुर अनीता गुप्ता एवं मंगली की अगुवाई में श्रद्धालुओं ने माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया। भादर चौराहे पर शिक्षक शिव सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शंकराचार्य का स्वागत कर आशीर्वाद प्राप्त किया।इस दौरान शंकराचार्य ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को गौ माता की सेवा और संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए।शंकराचार्य ने कहा, “गौ हमारी माता हैं। उनकी सेवा करना प्रत्येक सनातनी का कर्तव्य है। गौ माता को लेकर राजनीति करना उचित नहीं है। समाज को एकजुट होकर गौ संरक्षण की दिशा में कार्य करना चाहिए।”कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने जयघोष के साथ उनका स्वागत किया और धर्म तथा संस्कृति से जुड़े विषयों पर उनका आशीर्वचन सुना। इस मौके पर हनुमत बरनवाल, राजेश, हरिश्चंद्र आदि मौजूद रहे।