
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से गुरुवार को कानपुर के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में महापौर प्रमिला पांडेय, सांसद रमेश अवस्थी, विधायक सुरेंद्र मैथानी, नीलिमा कटियार और भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। जनप्रतिनिधियों ने अपनी टीम के साथ सड़कों पर झाड़ू लगाकर सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। कानपुर नगर निगम की ओर से लगातार 157 घंटे तक चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के तहत महापौर प्रमिला पांडेय ने परेड चौराहा स्थित मुर्गा मार्केट में सफाई अभियान का नेतृत्व किया। इस दौरान भाजपा के अन्य नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। महापौर ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर शहर बनाना केवल किसी एक अभियान की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह सभी नागरिकों का सामूहिक दायित्व और संकल्प है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की।सांसद रमेश अवस्थी ने भी अपनी टीम के साथ शहर के अलग-अलग हिस्सों में झाड़ू लगाकर सफाई अभियान में भाग लिया। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ रखने में नगर निगम के साथ आम नागरिकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। लोगों को अपने घर की तरह आसपास के सार्वजनिक स्थानों को भी साफ रखना चाहिए। जनसहयोग से ही स्वच्छता का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।गोविंद नगर विधायक सुरेंद्र मैथानी और कल्याणपुर विधायक नीलिमा कटियार ने भी अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ सफाई अभियान में हिस्सा लिया। भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित समेत संगठन के अन्य पदाधिकारियों ने भी झाड़ू लगाकर सफाई की। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में देर शाम तक अभियान जारी रहा। जनप्रतिनिधियों ने लोगों से स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी न फैलाने की अपील की।


