
PARDARSHI VIKASH NEWS गोवर्धन नगर पंचायत ने रविवार सुबह आन्यौर परिक्रमा मार्ग पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर कच्ची परिक्रमा मार्ग पर जमा कूड़े और गंदगी की सफाई कराई। जेसीबी मशीनों और सफाई कर्मियों की मदद से मार्ग को साफ किया गया, जिससे परिक्रमा मार्ग का स्वरूप बदला हुआ नजर आया।अभियान का नेतृत्व नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि मनीष प्रभा लंबरदार ने किया। उनके साथ नगर पंचायत के सभासदों और सफाई कर्मचारियों ने भी श्रमदान किया। अभियान के दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिक्रमा मार्ग पर नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए और कहीं भी गंदगी न रहने दी जाए।मनीष प्रभा लंबरदार ने देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से गोवर्धन धाम को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें और सिंगल-यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचें, ताकि धार्मिक नगरी की स्वच्छता बनी रहे।सफाई अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों ने स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों से भी मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। लोगों ने जलभराव, नालियों की सफाई और प्रकाश व्यवस्था से जुड़ी परेशानियां बताईं। इस पर मनीष प्रभा लंबरदार ने संबंधित समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।नगर पंचायत की इस पहल का स्थानीय लोगों ने स्वागत करते हुए नियमित रूप से ऐसे अभियान चलाने की मांग की, ताकि गोवर्धन परिक्रमा मार्ग हमेशा स्वच्छ और व्यवस्थित बना रहे।