
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कानपुर की महापौर प्रमिला पांडेय ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने कानपुर में सड़क सुधार और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए दो प्रमुख मांगें रखीं। महापौर ने शहर की वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान कराने के लिए केंद्रीय मंत्री से सहयोग मांगा। महापौर ने कल्याणपुर आईआईटी से गोल चौराहा तक की सड़क की खराब स्थिति का मुद्दा उठाया। उन्होंने इस मार्ग को जल निकासी व्यवस्था के साथ सीसी सड़क के रूप में बनवाने का आग्रह किया। उनके अनुसार, केंद्रीय मंत्री ने इस मांग पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं इसके अलावा महापौर ने माल रोड के नरौना चौराहे से घंटाघर, टाटमिल चौराहा होते हुए किदवई नगर स्थित साउथ एक्स मॉल तक छह लेन का एलिवेटेड रोड बनवाने का प्रस्ताव रखा। उनका कहना है कि इससे शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम करने और जाम की समस्या से राहत दिलाने में मदद मिल सकती है। मुलाकात के दौरान लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे को कानपुर से जोड़ने और नौबस्ता से सागर तक नए हाईवे के निर्माण पर भी चर्चा हुई। गडकरी ने इन परियोजनाओं का काम जल्द शुरू होने की जानकारी दी। इसके साथ ही कानपुर रिंग रोड का निर्माण तेजी से पूरा कराकर उद्घाटन कराने के विषय पर भी बातचीत हुई। महापौर ने कहा कि कानपुर के विकास और शहर को जाम से मुक्त कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रस्तावित सड़क और परिवहन परियोजनाओं से शहरवासियों को भविष्य में बेहतर यातायात सुविधाएं मिलेंगी।