news-details

घर में घुसकर महिला पर चाकू से जानलेवा हमला, गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती

You can share this post!

 

अजगैन के सिंगानापुर गांव की घटना, विरोध करने पर डंडे और चाकू से किया हमला; पुलिस जांच में जुटी

उन्नाव। अजगैन थाना क्षेत्र के सिंगानापुर गांव में मंगलवार देर शाम घर में घुसकर एक महिला पर चाकू और डंडे से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।घायल महिला की पहचान सुदेवी पत्नी रमेश, निवासी सिंगानापुर के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक घटना के समय सुदेवी घर पर अकेली थीं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य पौधारोपण के लिए बाहर गए हुए थे। इसी दौरान गांव निवासी राममूरत कथित रूप से शराब के नशे में उनके घर पहुंचा और महिला के साथ अभद्र व्यवहार करने लगा।परिजनों का आरोप है कि जब सुदेवी ने आरोपी का विरोध किया तो उसने पहले डंडे से मारपीट की। इसके बाद वह घर के अंदर से चाकू लेकर आया और महिला पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। महिला की बेटी काजल ने बताया कि आरोपी ने उसकी मां के सिर पर चाकू से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। बचाव के दौरान उनके हाथ में भी गहरी चोट आई। आरोप है कि आरोपी ने डंडों से भी बेरहमी से मारपीट की।घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।पीड़ित परिवार ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि आरोपी ने बिना किसी उकसावे के शराब के नशे में महिला पर जानलेवा हमला किया।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा प्राप्त तथ्यों और तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।