
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। होम्योपैथिक फार्मासिस्ट भर्ती 2024 का परिणाम लंबे समय से जारी न होने से नाराज अभ्यर्थियों ने शुक्रवार सुबह गोमतीनगर स्थित पिकअप भवन में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) कार्यालय का घेराव किया और जल्द अंतिम चयन सूची जारी करने की मांग की।अभ्यर्थियों का कहना है कि डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन प्रक्रिया करीब 8 महीने पहले पूरी हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अभी तक अंतिम परिणाम घोषित नहीं किया गया है। इससे वे अनिश्चितता और मानसिक दबाव की स्थिति में हैं।प्रदर्शन कर रहे उम्मीदवारों ने कहा कि लगातार देरी के कारण उनका भविष्य अधर में लटक गया है और वे न तो आगे की तैयारी कर पा रहे हैं और न ही किसी अन्य अवसर को चुन पा रहे हैं। कई अभ्यर्थियों ने आर्थिक और पारिवारिक दबाव बढ़ने की बात भी कही।अभ्यर्थियों ने सरकार की ‘मिशन रोजगार’ नीति का हवाला देते हुए जल्द निर्णय लेने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द परिणाम जारी नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।