news-details

हाटा ब्लॉक कार्यालय में संयुक्त विकास आयुक्त का स्वागत

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो
हाटा। ब्लॉक हाटा कार्यालय पर गुरुवार को गोरखपुर मंडल के संयुक्त विकास आयुक्त (ग्राम्य विकास) पी.पी. त्रिपाठी के पहुंचने पर स्वागत किया गया। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुधीर राव ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। स्वागत के बाद संयुक्त विकास आयुक्त ने ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों और शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से क्षेत्र में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त की। इस दौरान सड़क, नाली, स्वच्छता, आवास, मनरेगा सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया गया। संयुक्त विकास आयुक्त ने कहा कि पात्र लोगों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता है। विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने के साथ निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की बाधा न आने देने पर जोर दिया। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुधीर राव ने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों को गति देने के लिए जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी बेहतर समन्वय के साथ कार्य करेंगे। इस अवसर पर ब्लॉक कार्यालय के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।