
निर्माण एजेंसी पीकेटी को ब्लैकलिस्ट करने की मांग, दूसरी एजेंसी से निर्माण पूरा कराने का किया आग्रह
कुशीनगर। जनपद के हाटा स्थित केन यूनियन चौराहे पर राष्ट्रीय राजमार्ग-28 के निर्माणाधीन फ्लाईओवर का एक हिस्सा गिरने के मामले में कुशीनगर के सांसद विजय कुमार दूबे ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने 5 नवंबर 2026 को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री को पत्र लिखकर निर्माण कार्य में कथित अनियमितता, लापरवाही और भ्रष्टाचार की जांच कराने की मांग की है।सांसद ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि केन यूनियन चौराहे पर आम जनता की सुविधा के लिए फ्लाईओवर निर्माण की स्वीकृति वर्ष 2025 में मिली थी। इसका निर्माण मेसर्स पीकेटी एजेंसी द्वारा कराया जा रहा है। आरोप है कि निर्माण एजेंसी की घोर लापरवाही और मानकों के अनुरूप कार्य नहीं किए जाने के चलते निर्माणाधीन फ्लाईओवर का एक हिस्सा गिर गया। हालांकि, संयोगवश इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।सांसद विजय कुमार दूबे ने केंद्रीय मंत्री से मांग की है कि निर्माण एजेंसी मेसर्स पीकेटी द्वारा बरती गई कथित लापरवाही, अनियमितता और भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही दोषी पाए जाने पर संबंधित एजेंसी को ब्लैकलिस्ट किया जाए तथा किसी अन्य सक्षम एजेंसी के माध्यम से फ्लाईओवर का निर्माण समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाए।सांसद ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर इस तरह की निर्माण संबंधी लापरवाही आम लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है। निर्माण कार्य में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना आवश्यक है।