news-details

हेतिमपुर टोल प्लाजा पर आधी रात तक पुलिस की सख्त निगरानी, एएसपी ने किया औचक निरीक्षण

You can share this post!

 

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो / कुशीनगर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए कुशीनगर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में शनिवार की रात अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने राष्ट्रीय राजमार्ग-28 स्थित हेतिमपुर टोल प्लाजा का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने टोल प्लाजा पर तैनात पुलिस बल की सतर्कता परखने के साथ वाहनों की चेकिंग व्यवस्था का भी गहन अवलोकन किया।निरीक्षण के दौरान एएसपी ने टोल प्लाजा परिसर की सुरक्षा, वाहनों की जांच, फास्टैग लेन की कार्यप्रणाली, यातायात नियंत्रण और रात्रिकालीन पुलिस ड्यूटी की स्थिति देखी। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों एवं संबंधित अधिकारियों को यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही संदिग्ध वाहनों की गहनता से जांच करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए हमेशा तैयार रहने को कहा।अपर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिया कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर रात्रिकालीन चेकिंग में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमित और प्रभावी चेकिंग से अपराध नियंत्रण, तस्करी की रोकथाम तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।उन्होंने आगामी त्योहारों को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने, बढ़ते यातायात के दबाव को नियंत्रित करने और आवागमन सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनपद पुलिस अपराध की संभावनाओं को रोकने और नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए आगे भी आकस्मिक निरीक्षण और चेकिंग अभियान जारी रहेंगे।