
खड्डा (कुशीनगर)। हनुमानगंज थाना परिसर में शनिवार सुबह दीपावली की साफ-सफाई के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। बैरक की छत पर झाड़ू लगा रहे 2025 बैच के सिपाही दीपक गुप्ता (25) की 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई। जवान की असमय मौत से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, अंबेडकरनगर जिले के टांडा थाना क्षेत्र के करमपुर बरसावा गांव निवासी राममूर्ति गुप्ता के पुत्र दीपक गुप्ता प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अपनी पहली तैनाती हनुमानगंज थाने में पाए थे। शनिवार सुबह करीब 10 बजे थाना परिसर और बैरक में दीपावली के मद्देनजर साफ-सफाई का काम चल रहा था। इसी दौरान दीपक बैरक की छत पर चढ़कर झाड़ू लगा रहे थे। छत के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित हादसे के बाद साथी पुलिसकर्मी दीपक को बचाने के लिए दौड़े। थाना प्रभारी दिग्विजय नारायण राय पुलिसकर्मियों की मदद से उन्हें एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तुर्कहा ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक कुशीनगर सिद्धार्थ वर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि बैरक की सफाई के दौरान सिपाही दीपक गुप्ता करंट की चपेट में आकर झुलस गए थे। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।दीपावली की तैयारियों के बीच एक युवा सिपाही की इस तरह दर्दनाक मौत से पुलिसकर्मियों में शोक व्याप्त है।