
कानपुर। कल्याणपुर इलाके में शनिवार रात करीब 7:40 बजे तेज रफ्तार थार ने स्कूटी सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 55 वर्षीय संतोष सिंह चौहान की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद अनियंत्रित थार एक मकान के गार्डन में घुस गई और बाउंड्रीवाल क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, थार की रफ्तार काफी तेज थी और स्कूटी सवार को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के बाद थार सवार मौके से फरार हो गए।
मां की साड़ी लेकर निकले थे संतोष
कल्याणपुर के आवास विकास-3 निवासी संतोष के बेटे राहुल चौहान ने मौके पर पहुंचकर पिता की पहचान की। पिता का शव देखकर राहुल फूट-फूटकर रोने लगा। उसने बताया कि संतोष रात करीब 7:30 बजे स्कूटी से घर से निकले थे। वह अपनी पत्नी की साड़ी लेकर कहीं जा रहे थे और जल्द लौटने की बात कहकर निकले थे। घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर ही हादसे ने उनकी जान ले ली।
थार में दो युवतियां और एक युवक होने की जानकारी
मकान मालिक प्रो. कैलाश चौहान के मुताबिक, टक्कर की आवाज सुनकर वह बाहर आए तो थार में दो युवतियां और एक युवक सवार थे। उन्होंने बताया कि चालक की सीट पर एक युवती बैठी थी। हादसे के बाद तीनों दूसरी कार से मौके से चले गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने उनके नशे में होने की बात भी कही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
नंबर से मालिक की तलाश में पुलिस
पुलिस ने थार की नंबर प्लेट के आधार पर वाहन मालिक की पहचान कृष्ण कुमार के रूप में की है। वाहन का पता पनकी के पनका बहादुर नगर स्थित ज्ञान विला का दर्ज है। पुलिस मालिक से संपर्क कर हादसे के समय वाहन कौन चला रहा था और उसमें कौन-कौन सवार थे, इसकी जानकारी जुटा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।