
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। पीजीआई थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का मामला सामने आया है, जहां एक युवक से खुद को हल्दीराम की बिजनेस टीम का प्रतिनिधि बताकर 75 हजार रुपये की ठगी कर ली गई।जानकारी के अनुसार, साउथ सिटी निवासी लक्ष्य यादव किसी व्यवसायिक अवसर की तलाश में थे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया और खुद को हल्दीराम कंपनी की बिजनेस टीम से जुड़ा हुआ बताया।आरोपी ने भरोसा जीतकर विभिन्न शुल्क और प्रक्रियाओं के नाम पर लक्ष्य यादव से ऑनलाइन 75 हजार रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करवा लिए। बाद में जब उन्हें संदेह हुआ और जांच की गई तो यह मामला पूरी तरह ठगी निकला।पीड़ित ने तुरंत साइबर क्राइम सेल में शिकायत दर्ज कराई और सभी लेनदेन से जुड़े दस्तावेज पुलिस को सौंपे।पीजीआई थाना पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब बैंक खातों और साइबर ट्रांजैक्शन के जरिए आरोपी की पहचान करने में जुटी है।