news-details

हर पात्र व्यक्ति को मिले योजनाओं का लाभ: प्रभारी मंत्री

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी/तिलोई। उत्तर प्रदेश सरकार में महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की राज्यमंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने विकासखंड बहादुरपुर की ग्राम पंचायत रामपुर जमालपुर में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना, विद्युत कनेक्शन, नाली निर्माण, भूमि पैमाइश, पेंशन योजनाओं, पेयजल आपूर्ति और सड़कों की मरम्मत से जुड़ी समस्याएं उठाईं। प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का पांच दिनों के भीतर समाधान कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के माध्यम से जनप्रतिनिधि और प्रशासन सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों से जनसुनवाई को प्राथमिकता देने और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने को कहा।कार्यक्रम में राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से गांवों में सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।चौपाल के दौरान प्रभारी मंत्री ने पांच लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए। साथ ही पांच गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और छह माह के बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण भी किया।इससे पूर्व प्रभारी मंत्री ने पंचायत भवन का निरीक्षण कर वहां संचालित सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने पंचायत भवन परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।