
PARDARSHI VIKASH NEWS इटावा में वन विभाग ने बुधवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए संरक्षित वन भूमि पर बनी सैयद बाबा की मजार को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई देर शाम शुरू होकर रात करीब 1 बजे तक चली। गुरुवार सुबह जब स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो पूरी जगह समतल पाई गई और मजार का कोई निशान नहीं बचा था। सुरक्षा व्यवस्था के तहत 20 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती कर पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया था ताकि किसी प्रकार का विरोध या अवरोध न हो सके।वन विभाग का कहना है कि यह निर्माण फिशर वन क्षेत्र की संरक्षित भूमि पर बिना अनुमति किया गया था, जो पूरी तरह अवैध है। विभाग के अनुसार, 1916, 1936 और 1946 के सरकारी राजपत्रों में भी यह भूमि वन क्षेत्र के रूप में दर्ज है और यहां किसी भी प्रकार का गैर-वन निर्माण प्रतिबंधित है। इसी आधार पर कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद यह कार्रवाई की गई।मामला जनवरी 2026 में दर्ज शिकायत के बाद जांच में आया, जिसके बाद वन विभाग ने केस दर्ज कर कोर्ट में सुनवाई शुरू की। कई बार अवसर देने के बावजूद मजार पक्ष वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद ध्वस्तीकरण का आदेश पारित हुआ। आदेश के खिलाफ अपील भी खारिज कर दी गई। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पौधरोपण कर जमीन को समतल कर दिया गया।