
PARDARSHI VIKASH NEWS झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार शनिवार को इटावा के लखना नगर पहुंचे, जहां उन्होंने राजघराने के संचालक रहे दिवंगत रविशंकर शुक्ल के त्रयोदशी संस्कार में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। राज्यपाल निर्धारित समय से करीब एक घंटे पहले चंद्रशीला रिसोर्ट पहुंचे और रविशंकर शुक्ल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।राज्यपाल ने दिवंगत के पुत्र ऋषभ शंकर शुक्ला और ऋषि शुक्ला से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। दोनों पुत्रों के साथ उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित की। उल्लेखनीय है कि कुछ माह पहले भी संतोष गंगवार लखना आए थे, जहां उन्होंने रविशंकर शुक्ल के छोटे अहाते में हेरिटेज गार्डन का उद्घाटन किया था।लखना पहुंचने पर राज्यपाल ने वरिष्ठ भाजपा नेता जयनाथ वर्मा, ऋचा मिश्रा, राघवेंद्र दुबे 'लला' और रूपम त्रिपाठी से भी मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। त्रयोदशी संस्कार के वेदी पाठ में परिजन व्यस्त होने के कारण राज्यपाल को कुछ समय गेस्ट हाउस में इंतजार भी करना पड़ा।भोजन के बाद उन्होंने एक बार फिर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की और इसके बाद दिल्ली के लिए रवाना हो गए।राज्यपाल के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। एसडीएम, सीओ, तहसीलदार, पुलिस और पीएसी के जवान पूरे समय मुस्तैद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के चलते लखना कालिका मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को कुछ समय के लिए रोका गया। राज्यपाल के प्रस्थान के बाद मार्ग खोला गया, जिससे श्रद्धालुओं का आवागमन सामान्य हो सका।