
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज के मेजा स्थित सिरसा मार्ग पर जाम नालियों के कारण गंदा पानी सड़क पर बहने लगा है, जिससे स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने जलभराव होने से दुकानों के बाहर गंदगी फैल गई है और ग्राहकों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है।मेजारोड व्यापार मंडल के अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय ने बताया कि इस समस्या की शिकायत पहले भी संबंधित अधिकारियों और ग्राम पंचायत से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा नालियों को पाट दिए जाने से पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है, जिसके कारण सड़क पर दूषित पानी भर रहा है।व्यापारियों का कहना है कि जलभराव और दुर्गंध के कारण कारोबार प्रभावित हो रहा है। साथ ही गंदे पानी से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। उन्होंने प्रशासन से जल्द नालियों की सफाई और मरम्मत कराने की मांग की है।व्यापार मंडल ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो व्यापारी आंदोलन करने को मजबूर होंगे। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से तत्काल कार्रवाई कर जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।