news-details

जब बसपा के हाथ में होगी हुकूमत तभी ठीक से लागू होगा भारतीय संविधान:विश्व नाथ पाल

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़  लखनऊ। मिशन -2027की सफलता के लिए बसपा का संगठन निर्माण और संवाद अभियान जारी है। रविवार को बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विश्व नाथ पाल ने सरोजनी नगर विधानसभा में सेक्टर और बूथ कमेटियों की समीक्षा बैठक को सम्बोधित किया। प्रदेश अध्यक्ष विश्व नाथ पाल ने कार्यकर्ताओं में ऊर्जा और जोश भरते हुए विधानसभा चुनाव में सभी पोलिंग बूथों पर  बसपा की जीत सुनिश्चित करने के संदेश दिए। प्रदेश अध्यक्ष विश्व नाथ पाल ने कहा कि जब तक देश की हुकूमत बहुजन समाज के हाथ में नहीं आती,तब तक भारतीय संविधान ठीक से लागू नहीं हो सकता।  प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस और भाजपा दोनों को निशाने पर लिया और कहा कि मान्यवर कांशीराम साहब ने दोनों को सत्ता से हटाकर बहुजन समाज पार्टी को सत्ता में लाने के संदेश दिए थे। कांशीराम साहब के कथन-कभी चिलमन से ये झांके,कभी चिलमन से वो झांके,लगा दो आग चिलमन में न ये झांके न वो झांके --का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों पार्टियों ने बहुजन समाज के हित में कोई काम नहीं किया। दोनों पार्टियां जातिवादी और आरक्षण विरोधी हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2014 में देश की महान जनता से जो भी वादे किए थे एक भी पूरा नहीं किया। किसानों को दुखी और बर्बाद करने के लिए भूमि अधिग्रहण कानून और तीन कृषि कानून भी पास कर दिए। भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में विदेशों में जमा धन वापस लाने, सभी परिवारों के बैंक खाते में पन्द्रह -पन्द्रह लाख रुपए भेजेने, किसानों की आय दोगुनी करने और हर साल दो करोड़ युवाओं को नौकरी देने का वादा किया था।15साल में इसमें से एक भी वादा पूरा नहीं हुआ। सभी प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं। सरकार युवाओं को ठगने का काम कर रही है। अपनी मांगों को लेकर जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करने वाले छात्रों के ऊपर पुलिस ने लाठियां बरसाई, बेटियों को बेइज्जत किया,देश के प्रधानमंत्री मौन रहे। देश की महान जनता ने कांग्रेस को पचास साल और भाजपा को पन्द्रह साल देख लिया है। सत्ता के लिए झूठी राजनीति करना इनका स्वभाव है। दोनों पार्टियां देश‌ की महान जनता का कभी भला नहीं कर सकतीं। प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी के पक्ष में माहौल है। सपा और भाजपा के शासन को देख चुकी जनता परिवर्तन की तैयारी कर चुकी हैं। सर्व समाज के लोगों की निगाहें बहन मायावती जी की तरफ टिकी हुई हैं।बहन मायावती जी ने कार्यकर्ताओं को संगठन का जो काम सौंपा है, उसे पूरी ईमानदारी और निष्ठा से पूरा करें। जब तक चुनाव नहीं होते किसी भी वर्कर को एक भी दिन आराम नहीं करना है। भाजपा सरकार समय से पहले भी चुनाव करा सकती है, इसलिए खेती,किसानी और घर-परिवार के कार्यों के साथ प्रतिदिन संगठन का काम करें। बूथों पर बैठकें करके सर्वसमाज का संगठन मजबूत करें। कार्यकर्ता बैठक की अध्यक्षता मुख्य मंडल प्रभारी अशोक कुमार गौतम ने की। संचालन जिला अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार गौतम ने किया। मुख्य मंडल प्रभारी सुशील कुमार मुन्ना,रामनाथ रावत, गंगा राम गौतम ने भी बैठक को संबोधित किया। मंडल प्रभारी कमलेश गौतम, सुरेश राव,मो जलीश खान, मुन्नी लाल,नौमी लाल, मिथलेश कुमार आदि मौजूद रहे।


हमारी नेता ने उत्तर प्रदेश में अपने बलबूते पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का संदेश दिया है।इस संदेश को धरातल पर उतारने के लिए हम सर्वसमाज का मजबूत एलाइंस बनाने में लगे हुए हैं।2027मे बहन मायावती जी फिर मुख्यमंत्री बनेंगी ।-
विश्व नाथ पाल ,प्रदेश अध्यक्ष, बहुजन समाज पार्टी