
PARDARSHI VIKASH NEWS उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने गोंडा के एक दिवसीय दौरे के दौरान भाजपा विधायक प्रेम नारायण पांडे और भाजपा नेता कौशलेंद्र दत्त राम पांडे के आवास पर पहुंचकर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने तरबगंज विधानसभा क्षेत्र में चल रहे बाढ़ सुरक्षा कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए, ताकि आगामी बरसात के मौसम में किसी भी तरह की समस्या न उत्पन्न हो। मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों को बाढ़ से सुरक्षित बनाना और तटबंधों को मजबूत करना है।बैठक में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। मंत्री ने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए और जनता को इनका लाभ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों और विकास कार्यों के बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया।इसके बाद स्वतंत्र देव सिंह भाजपा नेता कौशलेंद्र दत्त राम पांडे के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने उनके परिवार से मुलाकात की और स्थानीय राजनीतिक एवं विकास से जुड़े मुद्दों पर बातचीत की। विधायक प्रेम नारायण पांडे ने बताया कि मंत्री ने क्षेत्र में चल रहे विकास और बाढ़ सुरक्षा कार्यों की विस्तृत समीक्षा की और उन्हें समय पर पूरा कराने का आश्वासन दिया।