news-details

जलभराव वाली पुलिया से किसानों की बढ़ी मुश्किलें, कई गांवों के ग्रामीण परेशान

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS इटावा के इकदिल क्षेत्र में डीएफसीसी न्यू इकदिल रेल कॉरिडोर के पोल नंबर 622/40 (डाउन लाइन) के पास बनी पुलिया में जलभराव के कारण आसपास के कई गांवों के किसानों और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मिशन इकदिल ब्लॉक के संयोजक एवं समाजसेवी दीपक राज ने बताया कि पुलिया का फर्श आसपास की जमीन से काफी नीचे होने के कारण हल्की बारिश में भी वहां पानी भर जाता है और दलदल जैसी स्थिति बन जाती है। इससे ग्राम पंचायत चांदनपुर, कोठी, नगला मानसिंह, नगला बढ़ईयान, शेखूपुर जखोली और महानेपुर केशोंपुर समेत कई गांवों के किसानों का खेतों तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। किसानों का कहना है कि जलभराव के कारण उन्हें एक किलोमीटर की दूरी तय करने के बजाय तीन से चार किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है। कई बार मजबूरी में ग्रामीण और बच्चे रेलवे लाइन पार करने का जोखिम उठाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। किसानों का आरोप है कि कई बार अधिकारियों को शिकायत देने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। ग्रामीणों ने पुलिया की मरम्मत और जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि बरसात के मौसम में आवागमन सुचारु हो सके।