
पारदर्शी विकास न्यूज़ उन्नाव। सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के मोमिनपुर गांव में किसान की जमीन पर कब्जे के विरोध में महिला से मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता आरती और उसके पति नरेंद्र का कहना है कि 11 फरवरी 2025 को बैनामा और दाखिल-खारिज के जरिए करीब 0.1176 हेक्टेयर जमीन उनके नाम हुई थी। महिला के अनुसार उसने खेत में सरसों की फसल बोई है। आरोप है कि छह अक्टूबर को खेत पर पहुंचने पर अवधेश, अरुण, शांति, अर्चना, राजू, राधा और शिवनरेश समेत कई लोगों ने गाली-गलौज कर फसल बोने के एवज में कथित तौर पर पैसे की मांग की। विरोध करने पर मारपीट और अभद्रता की गई। पीड़िता ने शिवनरेश पर अश्लील हरकत करने तथा धारदार हथियार, खुरपा और डंडों से हमला करने का भी आरोप लगाया है। महिला के बेहोश होने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसे बचाया। पीड़ित परिवार ने जमीन कब्जामुक्त कराने और आरोपितों पर कार्रवाई की मांग की है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।