
Pardarshi Vikas News Banda
जनपद में जनगणना-2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार से जिले की सभी तहसीलों, नगर पंचायतों और नगर पालिकाओं में जनगणना कार्य में लगाए गए कर्मचारियों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण विभिन्न केंद्रों पर शुरू हो गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम संबंधित चार्ज अधिकारियों की देखरेख में कराया जा रहा है, जहां प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार जानकारी दी जा रही है।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि जनगणना-2027 का प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकान गणना होगा, जो 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक पूरे प्रदेश में एक साथ संचालित किया जाएगा। इस चरण में प्रगणक घर-घर जाकर भवनों के उपयोग, निर्माण सामग्री, कमरों की संख्या, स्वामित्व स्थिति, शौचालय, बिजली, पानी, खाना पकाने के ईंधन, एलपीजी/पीएनजी कनेक्शन, मुख्य अनाज, फोन, वाहन, टीवी और इंटरनेट सहित 33 प्रकार की सूचनाएं मोबाइल ऐप के माध्यम से एकत्र करेंगे।
जिलाधिकारी J. Reebha ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना से जुड़े कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराए जाएं तथा गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों द्वारा दी गई सभी जानकारियां पूर्णतः गोपनीय रहेंगी।
इस बार जनगणना में पहली बार स्व-गणना की सुविधा भी दी गई है। नागरिक 7 मई से 21 मई 2026 तक सेल्फ एन्यूमरेशन पोर्टल और मोबाइल ऐप के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
जिला प्रभारी जनगणना शैलेश कुमार ने प्रशिक्षण की महत्ता बताते हुए कहा कि प्रगणक और सुपरवाइजर व्यवहारिक प्रशिक्षण गंभीरता से लें, ताकि कार्य त्रुटिरहित ढंग से सम्पन्न हो सके। अपर जिलाधिकारी कुमार धर्मेंद्र ने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।