
पारदर्शी विकास न्यूज़ बांदा। चित्रकूटधाम मंडल के आयुक्त अजीत कुमार ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया है। समीक्षा के दौरान जल निगम (ग्रामीण) बांदा और चित्रकूट के अधिशासी अभियंताओं द्वारा प्रस्तुत आख्या संतोषजनक न मिलने पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।आयुक्त ने निर्देश दिए कि जनशिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी गांव में पेयजल संकट नहीं होना चाहिए और सभी क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई सड़कों को भी तत्काल मानक के अनुसार दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए।इसके साथ ही आयुक्त ने विद्युत आपूर्ति संबंधी शिकायतों का संज्ञान लेते हुए विभागीय अधिकारियों को ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। आंधी या अन्य कारणों से क्षतिग्रस्त पोल, लाइन और ट्रांसफार्मरों की मरम्मत तत्काल कराने के निर्देश दिए गए।उन्होंने चेतावनी दी कि पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सेवाओं में लापरवाही या भ्रामक रिपोर्ट प्रस्तुत करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।