
PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर देहात के झींझक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में अब मरीजों के ऑनलाइन पर्चे बनने शुरू हो गए हैं। यह व्यवस्था सरकार के निर्देशों के तहत सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।गुरुवार को अस्पताल में स्वास्थ्यकर्मी कंप्यूटर के माध्यम से मरीजों के ऑनलाइन पर्चे बनाते नजर आए, जबकि मरीज पंजीकरण के लिए कतार में खड़े अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। सीएचसी अधीक्षक डॉ. पीयूष त्रिपाठी ने बताया कि अब स्थानीय और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों के लिए ऑनलाइन पर्चा बनवाना अनिवार्य कर दिया गया है।इसके लिए मरीजों को आधार कार्ड साथ लाना जरूरी होगा, क्योंकि पंजीकरण के दौरान आधार नंबर दर्ज किया जाएगा। डॉक्टरों के अनुसार, इस व्यवस्था से मरीजों को बेहतर सुविधा मिलेगी और इलाज की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और तेज होगी।डॉ. त्रिपाठी ने बताया कि यदि कोई मरीज किसी अन्य सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए जाता है, तो आधार नंबर के माध्यम से उसका पूरा मेडिकल रिकॉर्ड आसानी से उपलब्ध हो सकेगा। इससे मरीज को अपनी बीमारी की जानकारी बार-बार देने की जरूरत नहीं पड़ेगी और डॉक्टर को भी इलाज में मदद मिलेगी।इस डिजिटल व्यवस्था से स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होने के साथ-साथ मरीजों को भी बड़ी सहूलियत मिलने की उम्मीद है।