news-details

झारखंड में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में ABVP का प्रदर्शन

You can share this post!


पारदर्शी  विकास न्यूज़  कानपुर। झारखंड में विद्यार्थियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) कानपुर महानगर ने गुरुवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने झारखंड सरकार का पुतला दहन कर विरोध जताया। प्रदर्शन में करीब 250 कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों ने भाग लिया तथा दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी मांगों को शांतिपूर्ण तरीके से रखने वाले विद्यार्थियों पर बल प्रयोग करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने झारखंड सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की।प्रांत मंत्री दिनेश यादव ने कहा कि विद्यार्थी परिषद लंबे समय से राष्ट्रहित और छात्रहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष करती रही है। विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान संवाद के माध्यम से होना चाहिए, न कि लाठीचार्ज के जरिए। उन्होंने कहा कि परिषद झारखंड की घटना की निंदा करती है और पीड़ित विद्यार्थियों को न्याय दिलाने की मांग करती है।महानगर मंत्री सुधांशु त्रिपाठी ने कहा कि विद्यार्थी अपने अधिकारों और समस्याओं को लेकर आवाज उठा रहे थे। उनकी आवाज दबाने के बजाय सरकार को उनसे संवाद करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो परिषद चरणबद्ध आंदोलन करेगी।प्रांत सह मंत्री मयंक पासवान ने कहा कि लोकतंत्र में विद्यार्थियों की आवाज का सम्मान होना चाहिए। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और दोषियों को दंडित करने की मांग की।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थियों के अधिकारों की रक्षा का संकल्प लिया। इस मौके पर आशुतोष तिवारी, अनुराग शर्मा, यश पाल, गुंजन कुमार, गिन्नी पांडे, प्रियंका माथुर, अर्शी तिवारी, अनामिका गोंड, आलोक सिंह, मयंक चौहान, अक्षत कुमार, प्रभात शर्मा और प्रथम प्रकाश द्विवेदी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।