
PARDARSHI VIKASH NEWS झांसी के बरुआसागर कस्बे की नई बस्ती में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां घर के बाहर खेल रहे 2 साल के मासूम बच्चे पर स्ट्रीट डॉग्स ने हमला कर दिया। घटना का वीडियो पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है, जो शनिवार को सामने आया।परिजनों के अनुसार, बच्चा घर से कुछ ही दूरी पर खेल रहा था, तभी वहां मौजूद कुत्तों ने उसे देख लिया और भौंकने लगे। डरकर बच्चा घर की ओर भागा, लेकिन दो कुत्ते उसके पीछे लग गए। इनमें से एक ने उसे पीछे से गिरा दिया और जांघ पर काट लिया।बच्चे की चीख सुनकर उसके ताऊ तुरंत बाहर आए, जिसके बाद दोनों कुत्ते वहां से भाग गए। परिजनों ने आनन-फानन में बच्चे को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। पिता का कहना है कि बच्चे की हालत फिलहाल स्थिर है।परिजनों ने बताया कि इलाके में स्ट्रीट डॉग्स की संख्या काफी बढ़ गई है और कई बार ये बच्चों के लिए खतरा बनते हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल है।लोगों ने नगर पालिका से मांग की है कि इलाके से आवारा कुत्तों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजा जाए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।