
PARDARSHI VIKASH NEWS झांसी में शनिवार को पेयजल संकट को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा जब क्षेत्र का निरीक्षण करने पहुंचे विधायक रवि शर्मा को लोगों ने घेर लिया। वर्षों से पानी की समस्या झेल रहे लोगों, खासकर महिलाओं ने मौके पर ही अपनी नाराजगी जताई और स्थायी समाधान न होने पर सवाल उठाए।सीपरी बाजार क्षेत्र के डॉ. अंबेडकर पार्क से जुड़े नाथ की कोठी और मैला की टौरिया इलाके में बड़ी आबादी रहती है, जहां दलित बस्तियां भी शामिल हैं। विधायक रवि शर्मा यहां अमृत पेयजल योजना के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे थे, लेकिन उनके पहुंचते ही स्थानीय लोग एकत्र होकर पानी की समस्या को लेकर शिकायतें करने लगे।स्थानीय महिलाओं ने बताया कि पिछले 20 से 25 वर्षों से उन्हें पीने के पानी की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना था कि पाइपलाइन बिछाने के बावजूद घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है, जिससे उन्हें आज भी दूर-दराज से पानी लाने को मजबूर होना पड़ता है। कई महिलाओं ने कहा कि बीमारी की स्थिति में यह समस्या और गंभीर हो जाती है।स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ घरों में टिल्लू पंप लगाकर पानी का बाईपास किया जाता है, जिससे अन्य घरों तक सप्लाई प्रभावित होती है। वहीं कुछ लोगों का कहना था कि पानी गंदा और नाले जैसा आ रहा है, जिसकी शिकायत कई बार की जा चुकी है।महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों से पानी की समस्या बनी हुई है, जबकि अब उन्हें पानी के बिल भी भेजे जा रहे हैं। इससे लोगों में और अधिक नाराजगी है।विधायक रवि शर्मा ने मौके पर कहा कि क्षेत्र में अमृत योजना के तहत काम चल रहा है और कुछ तकनीकी दिक्कतों के कारण समस्या आ रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही सभी समस्याओं का समाधान कराया जाएगा और इसके लिए स्थानीय लोगों के सहयोग की भी आवश्यकता है।