
2027 की तैयारी में जुटी बसपा, सेक्टर कमेटियों का पुनर्गठन
पारदर्शी विकास न्यूज़ जगदीशपुर/अमेठी। बहुजन समाज पार्टी की सेक्टर कमेटियों के पुनर्गठन को मंगलवार को डीह में कैडर बैठक और संवाद सभा का आयोजन किया गया। बैठक में मंडल प्रभारी शिवराम गौतम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बैठक में डीह,डेहरियांवा , भवानीगढ़ और जरईकला सेक्टर की कमेटियों का पुनर्गठन किया गया। मंडल प्रभारी शिवराम ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी देश की एक मात्र राष्ट्रीय पार्टी है जिसने भाईचारा कायम करके देश के सभी राज्यों में संगठन खड़ा किया और कभी भी संगठन चलाने के लिए पूंजीपतियों का सहारा नहीं लिया।देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में बहन मायावती जी का चार बार का मुख्यमंत्रित्व काल भारतीय राजनीति में गुड गवर्नेंस का पर्याय और आदर्श शासनकाल रहा है।बहन मायावती जी ने 26योजनाएं चलाकर सर्वसमाज का हित करने के साथ न्याय और कानून के राज की स्थापना की।मंडल प्रभारी ने मंहगाई, बेरोज़गारी,खराब कानून व्यवस्था और नफ़रत की राजनीति को लेकर भाजपा, कांग्रेस और सपा को निशाने पर लिया और कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा और सपा दोनों से दुःखी हैं और कानून के राज के लिए बहन मायावती जी की तरफ आशा भरी निगाहों से देख रही है।विधानसभा प्रभारी जितेन्द्र कुमार सरोज ने कहा कि सुश्री मायावती के शासन काल में गुंडे और माफिया प्रदेश छोड़कर भाग गए थे। पुलिस थानों में गरीब और दलित समाज के लोगों को कुर्सी मिलती थी,आज कोई सुनवाई नहीं हो रहीविधानसभा अध्यक्ष विजय प्रजापति ने कहा कि पिछड़ी जातियों में राजनीतिक चेतना बसपा की देन है।1984के पहले राजनीति में ओबीसी की भागीदारी डेढ़ फीसदी थी,आज सभी राजनीतिक दल ओबीसी समाज के नेताओं को चेहरा बनाकर बहुजन समाज को भ्रमित करने की कोशिश में लगे हुए हैं। मंडल कमीशन की रिपोर्ट बसपा ने लागू कराई थी। बैठक में जयवर्धन बौद्ध, जिला कार्यकारिणी सदस्य मनीराम गौतम,राम बोध,सालिक राम बौद्ध,नंगू, राजेश कुमार,राम कृष्ण,करम राज,जगराम मौर्य, प्रेमनाथ मौर्य,राम लगन बौद्ध, शोभनाथ, जमुना प्रसाद,सोनू आदि मौजूद रहे।
"मैं मानता हूं कि बहुजन समाज पार्टी ही वह राजनीतिक ताकत है जिसने बिना पूंजीपतियों के सहारे देशभर में संगठन खड़ा किया। आज महंगाई, बेरोजगारी और बिगड़ी कानून व्यवस्था से जनता परेशान है। बसपा का उद्देश्य सर्वसमाज को न्याय दिलाना और प्रदेश में कानून का राज स्थापित करना है।"-मंडल प्रभारी शिवराम गौतम