
Pardarshi Vikas News Agra
थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित किनारी बाजार में गुरुवार देर रात करीब 12:45 बजे एक चार मंजिला जर्जर इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। घटना के समय बाजार बंद होने से बड़ा हादसा टल गया, लेकिन आसपास की दुकानों को भारी नुकसान हुआ। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने एहतियातन रास्ते को बैरिकेड कर दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह इमारत करीब 150 साल पुरानी थी और लंबे समय से खाली पड़ी थी। आरोप है कि इसके पीछे चल रहे निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी और लापरवाही बरती जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज धमाके के साथ इमारत गिरी और चारों ओर धूल का गुबार फैल गया।
हादसे में एक सजावट की दुकान पूरी तरह मलबे में दब गई, जबकि पास की फुटवियर दुकान में दरार आने की आशंका है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मलबा हटाने का काम शुरू कराया। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।