
PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर देहात में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर रविवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। डेरापुर थाना क्षेत्र के बिहारी गांव स्थित सेंगर नदी पुल के पास प्लाईवुड से लदा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरा। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई।जानकारी के अनुसार, राजस्थान नंबर का यह ट्रक हरियाणा से प्लाईवुड लादकर कोलकाता की ओर जा रहा था। सुबह करीब साढ़े नौ बजे जैसे ही वाहन हनुमान मंदिर के पास पुल पर पहुंचा, चालक ने नियंत्रण खो दिया और ट्रक नीचे गिर गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।मृतक चालक की पहचान प्रमोद कुमार (पुत्र रामलोचन), निवासी खानपुर, जिला समस्तीपुर (बिहार) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही डेरापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।