
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले के द्वितीय चरण के अंतर्गत 12 अक्टूबर को नौबस्ता के बाबा नगर स्थित सरस्वती ज्ञान कुंज विद्यालय में कन्या वंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले के दक्षिण संयोजक सुशील कुमार के साथ पीयूष अग्निहोत्री एवं पीयूष मिश्रा ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को मेले के उद्देश्यों तथा सामाजिक एवं आध्यात्मिक गतिविधियों की जानकारी देकर जागरूक किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक अरुण कुमार शुक्ला उपस्थित रहे।नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित कन्या वंदन कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं को देवी स्वरूप मानकर सम्मानित किया गया। विद्यालय के छात्रों ने छात्राओं के चरण धोए, तिलक लगाया और चुनरी पहनाकर उनका पूजन किया। इसके बाद प्रसाद स्वरूप केले वितरित किए गए। कार्यक्रम के माध्यम से नारी सम्मान, बालिकाओं के प्रति आदर और भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के महत्व का संदेश दिया गया।

इस दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि कानपुर के बृजेंद्र स्वरूप पार्क में 26 से 30 नवंबर तक हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों, सेवा भाव और सामाजिक समरसता को प्रोत्साहित करना है। आयोजकों ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से मेले में सहभागिता करने और इसके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में सेवा, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ ही कन्या सम्मान एवं सांस्कृतिक मूल्यों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।
