news-details

कारगिल विजय दिवस पर शहीदों के परिजनों का सम्मान, देशभक्ति से गूंजा समारोह

You can share this post!

 

pardarshi vikas news 
कानपुर। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर इंडियन वेटरन्स आर्गेनाइजेशन की ओर से बर्रा स्थित शकुंतला लॉन, अर्रा में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के शहीदों के परिजनों को शॉल, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन, शहीदों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करने तथा भारत माता की जय और वंदे मातरम् के उद्घोष के साथ हुई।मुख्य अतिथि अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर मनोज सिंह भदौरिया ने कहा कि कारगिल की बर्फीली चोटियों पर भारतीय जवानों ने अद्वितीय शौर्य और पराक्रम का परिचय देकर इतिहास रचा। उन्होंने कहा कि "देश सर्वोपरि है और सेवा ही सच्चा धर्म है।" उन्होंने युवाओं में राष्ट्रभक्ति और तिरंगे के प्रति सम्मान के संस्कार विकसित करने पर बल देते हुए कहा कि शहीदों के परिवारों का सम्मान करना पूरे समाज का दायित्व है।इंडियन वेटरन्स आर्गेनाइजेशन के प्रदेश अध्यक्ष बाबू सिंह बघेल ने कारगिल युद्ध की पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वर्ष 1999 में भारतीय सेना ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए दुश्मन को परास्त कर देश की सीमाओं की रक्षा की। वहीं जिलाध्यक्ष जय नारायण पाल ने कहा कि संगठन आगे भी शहीद परिवारों के सम्मान और युवाओं को सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित करने का कार्य करता रहेगा।समारोह में स्थानीय विद्यालयों की छात्राओं ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। "ऐ वतन", "संदेशे आते हैं" और "भारत का रहने वाला हूं" जैसे गीतों पर प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर पंकज तोमर, कुलदीप भदौरिया, नवरंग सिंह सेंगर, राकेश राना, हरिओम भदौरिया सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।