news-details

कारगिल विजय दिवस पर शहीद परिवारों और पूर्व सैनिकों का सम्मान

You can share this post!


पारदर्शी  विकास न्यूज़ कानपुर। वायुसेना स्टेशन स्थित सारंग ऑडिटोरियम में ऑल इंडिया फिल्म्स एंड फ्रेटरनिटी एसोसिएशन की ओर से कारगिल विजय दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ एयर कमोडोर पी.के. नरेंद्र, विंग कमांडर (सेवानिवृत्त) आर.के. शुक्ल, कर्नल एस.पी. सिंह, सुरेश सचान, भानु प्रकाश शुक्ल, जितेंद्र कुमार और मेजर कटियार (सेवानिवृत्त) ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया।कार्यक्रम में देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। प्रियांशी शुक्ल, आस्था पांडेय, गगन शुक्ल, दीपक और बाल कलाकार उत्कर्ष शिरोमणि ने देशभक्ति गीतों और नृत्यों से माहौल को भावुक बना दिया। कविताओं और गीतों ने भी उपस्थित लोगों को रोमांचित किया।इस अवसर पर परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद के पौत्र सहित करीब 20 शहीद परिवारों को सम्मानित किया गया। वीर नारी रश्मि दीक्षित का विशेष सम्मान हुआ, वहीं 85 वर्ष से अधिक आयु के पूर्व सैनिकों को भी सम्मानित किया गया। इनमें मास्टर वारंट ऑफिसर एम.पी. शर्मा और वारंट ऑफिसर विद्यासागर शर्मा शामिल रहे, जिन्होंने 1962, 1965 और 1971 के युद्धों में भाग लिया था।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वायुसेना अधिकारी, पूर्व सैनिक और नागरिक मौजूद रहे। संस्था के संरक्षक सुरेश सचान ने अगले वर्ष कार्यक्रम को और भव्य स्वरूप देने की घोषणा की, जबकि अध्यक्ष भानु प्रकाश शुक्ल ने सभी अतिथियों, शहीद परिवारों और वायुसेना का आभार व्यक्त किया।