news-details

किसान के खेत से जबरन मिट्टी खनन का आरोप, डीएम से कार्रवाई की मांग

You can share this post!

 

तनिश सिंह 

PARDARSHI VIKASH NEWS उन्नाव। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के कलिका मऊ गांव में एक किसान ने दबंगों पर उसकी जमीन से अवैध रूप से मिट्टी खनन कराने का आरोप लगाया है। पीड़ित किसान रिंकू ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।कलिका मऊ निवासी किसान रिंकू का आरोप है कि उसकी करीब सात बीघा कृषि भूमि से बिना अनुमति जेसीबी और डंपरों की मदद से मिट्टी निकालकर बेच दी गई। किसान के मुताबिक घटना रात करीब 11 बजे की है और उसे इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई। सुबह करीब छह बजे खेत पहुंचने पर उसे जमीन पर बड़े पैमाने पर खुदाई के निशान मिले।पीड़ित का कहना है कि रात में 20 से 25 डंपर मिट्टी मौके से ले जाई गई, जबकि कुल मिलाकर करीब 100 डंपर मिट्टी निकाले जाने की आशंका है। खेत में कई जगह पांच से दस फीट तक गहरी खुदाई कर दी गई, जिससे उसकी खेती योग्य जमीन को नुकसान पहुंचा है।किसान ने अर्जुन और सतपाल नाम के व्यक्तियों पर मिट्टी खनन कराने का आरोप लगाया है। रिंकू के अनुसार, जानकारी लेने पर आरोपियों की ओर से जमीन के बदले पैसे देने की बात कही गई, लेकिन उसने पैसे लेने से इनकार कर दिया। उसने खेत को पहले की स्थिति में लाने और टूटी हुई मेड़ों की मरम्मत कराने की मांग की है।पीड़ित किसान ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसे धमकाया गया और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई। इसके बाद उसने अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई।किसान ने जिलाधिकारी से अवैध खनन की जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने और उसकी भूमि को पूर्व स्थिति में बहाल कराने की मांग की है। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने शिकायत मिलने के बाद जांच कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है।