news-details

किसान पर धारदार हथियार से हमला, बचाने पहुंचे बेटे भी घायल, मेडिकल कॉलेज रेफर

You can share this post!

 

 

नेबुआ नौरंगिया के दुबौली गांव में सुबह-सुबह हुई वारदात, पीड़ित परिवार ने आरोपी पर दोबारा घर पहुंचकर धमकी देने और बहू पर हमला करने का भी लगाया आरोप

पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के दुबौली ग्राम पंचायत में शुक्रवार सुबह एक किसान पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसे बचाने पहुंचे उसके बेटे भी मारपीट में घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।पीड़ित रामबेलास चौहान ने बताया कि वह सुबह करीब 7:15 बजे गन्ने के खेत की कुदाई कर घर लौट रहे थे। आरोप है कि गांव के मंदिर के पास पहले से घात लगाए बैठे पुरुषोत्तम चौहान उर्फ लल्लन ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में रामबेलास गंभीर रूप से घायल हो गए।शोर सुनकर उनके बेटे मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे वे भी घायल हो गए।घटना की सूचना 1076 पर दी गई, जिसके बाद पीआरवी-112 और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।पीड़ित परिवार का आरोप है कि पीआरवी के लौटने के बाद आरोपी दोबारा उनके घर पहुंच गया। शिकायत करने पर उसने गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और रामबेलास की बहू पर भी हमला किया।ग्राम प्रधान पंकज मल्ल ने बताया कि घायल पिता-पुत्र की गंभीर हालत को देखते हुए सीएचसी विशुनपुरा के चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद भी आरोपी गांव में खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे पीड़ित परिवार में भय का माहौल है। उन्होंने पुलिस से तत्काल सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।परिजनों का कहना है कि इससे पहले भी आरोपी पक्ष के लोगों पर रामबेलास की पत्नी के साथ मारपीट का आरोप लगा था। उस मामले में स्थानीय थाने में शिकायत की गई थी, लेकिन पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया था। परिवार का आरोप है कि यदि उस समय प्रभावी कार्रवाई की गई होती तो यह घटना नहीं होती।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।