news-details

कुशीनगर एयरपोर्ट को उड़ान दिलाने सड़क पर उतरी कांग्रेस, अजय लल्लू के नेतृत्व में शक्ति प्रदर्शन

You can share this post!

 

 

 

अंबेडकर प्रतिमा से एयरपोर्ट तक निकली पदयात्रा, एएआई चेयरमैन के नाम सौंपा ज्ञापन; नियमित घरेलू व अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की उठी मांग

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो | कुशीनगर। कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से नियमित घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू कराने की मांग को लेकर मंगलवार को कांग्रेस ने जिले में जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, जिलाध्यक्ष रविंद्र 'राधे' विश्वकर्मा और कांग्रेस नेता अंशु त्रिपाठी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कसया स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा से एयरपोर्ट तक पदयात्रा निकाली। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एयरपोर्ट के पूर्ण संचालन की मांग उठाई।पदयात्रा के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के चेयरमैन के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का निर्माण पूर्वांचल के विकास, पर्यटन और बेहतर हवाई संपर्क के उद्देश्य से किया गया था, लेकिन नियमित उड़ानें बंद रहने से करोड़ों रुपये की परियोजना का अपेक्षित लाभ जनता को नहीं मिल पा रहा है।सभा को संबोधित करते हुए अजय कुमार लल्लू ने कहा कि कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट आज केवल एक भव्य इमारत बनकर रह गया है। वर्षों बीत जाने के बावजूद यहां से नियमित उड़ान सेवा शुरू नहीं हो सकी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने एयरपोर्ट को लेकर बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन वे धरातल पर नहीं उतर सके। उनका कहना था कि एयरपोर्ट का उपयोग केवल वीआईपी दौरों तक सीमित रह गया है, जबकि आम जनता आज भी नियमित हवाई सेवा का इंतजार कर रही है।लल्लू ने जिले के जनप्रतिनिधियों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा के सांसद और विधायक इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर प्रभावी पहल करने में विफल रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही नियमित उड़ान सेवा शुरू नहीं हुई तो कांग्रेस आंदोलन को और व्यापक रूप देगी।ज्ञापन में कांग्रेस ने मांग की कि कुशीनगर से तत्काल नियमित घरेलू उड़ानें शुरू की जाएं, बौद्ध देशों के लिए चरणबद्ध तरीके से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन किया जाए, प्रमुख एयरलाइंस से समन्वय स्थापित कर एयरपोर्ट को पूर्ण क्षमता के साथ संचालित किया जाए तथा उड़ानों के संचालन की स्पष्ट समय-सीमा सार्वजनिक की जाए।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भगवान बुद्ध के महापरिनिर्वाण स्थल होने के कारण श्रीलंका, थाईलैंड, जापान, म्यांमार, वियतनाम और दक्षिण कोरिया सहित कई देशों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कुशीनगर आते हैं। नियमित उड़ान सेवा नहीं होने से पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि कुशीनगर के विकास, रोजगार और जनहित से जुड़ा अभियान है, जिसे नियमित उड़ानें शुरू होने तक जारी रखा जाएगा।