
PARDARSHI VIKASH NEWS आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज में शिक्षकों के आकस्मिक अवकाश लेकर दिल्ली में आयोजित कॉन्फ्रेंस में शामिल होने का मामला अब नया मोड़ ले चुका है। क्रॉप फिजियोलॉजी विभागाध्यक्ष के बयान के बाद पूरे प्रकरण पर नए सवाल खड़े हो गए हैं। विभागाध्यक्ष का कहना है कि सहायक प्राध्यापक डॉ. आलोक सिंह का एक दिवसीय टूर पूर्व कुलपति द्वारा पहले ही स्वीकृत किया गया था, इसलिए उनके कॉन्फ्रेंस में शामिल होने में कोई प्रशासनिक अनियमितता नहीं है। हालांकि अन्य शिक्षकों की मौजूदगी को लेकर स्थिति अभी साफ नहीं है। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर में डॉ. आलोक सिंह के साथ कई अन्य शिक्षक भी कॉन्फ्रेंस में मौजूद नजर आ रहे हैं। अब सवाल उठ रहा है कि अगर केवल एक शिक्षक का टूर स्वीकृत था तो बाकी शिक्षक किस अनुमति के आधार पर दिल्ली पहुंचे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच और कार्रवाई की बात कही थी, लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम सामने नहीं आया है। मामले को लेकर कर्मचारियों और छात्रों में भी असंतोष देखा जा रहा है। अब सभी की नजर विश्वविद्यालय प्रशासन की जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी है।