
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। नवरात्रि पर्व पर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों और जंगल की सफाई तेज कर दी है। निर्माण खंड के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्गों, स्टेट हाईवे और मुख्य जिला मार्गों पर सफाई का काम पूरा हो चुका है, जबकि अन्य जिला मार्गों पर अभियान जारी है।जायस-मोहनगंज, इन्हौना-रुदौली, हैदरगढ़-सुकुल बाजार-वारिसगंज, सिंहपुर-तिलोई और सेमरौता-शिवरतनगंज मार्ग पर सफाई पूरी कर ली गई है। वहीं, प्रांतीय खंड के अमेठी-धम्मौर और अमेठी-दुर्गापुर मार्ग पर तेजी से काम चल रहा है। किठावर, मुंशीगंज और मुसाफिरखाना मार्ग पर अभी सफाई शुरू नहीं हुई है। अधिशासी अभियंता रमेश चंद्र ने अवर अभियंताओं को प्रमुख देवी मंदिरों और धार्मिक स्थलों तक जाने वाले मार्गों को झाड़ियों एवं अतिक्रमण से मुक्त कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सड़क सीमा में अतिक्रमण करने वालों को भी चेतावनी दी है।