
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुल्तानपुर। कम लाभांश और आर्थिक समस्याओं को लेकर ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। कोटेदारों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपकर मांगों के जल्द समाधान की अपील की।एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो अगस्त 2026 से प्रदेशभर के करीब 80 हजार कोटेदार राशन वितरण का बहिष्कार करेंगे। उन्होंने कहा कि आंदोलन की स्थिति में सरकारी खाद्यान्न वितरण व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।कोटेदारों का कहना है कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश में उचित दर विक्रेताओं को प्रति क्विंटल केवल 90 रुपये लाभांश मिलता है, जो बढ़ती महंगाई के दौर में बेहद कम है। उन्होंने अन्य राज्यों में मिलने वाले अधिक लाभांश का हवाला देते हुए कमीशन बढ़ाने की मांग की।प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कोटेदार लंबे समय से अपनी समस्याओं को लेकर सरकार से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन समाधान नहीं हुआ। उन्होंने राशन विक्रेताओं के लिए बेहतर आर्थिक व्यवस्था और सम्मानजनक लाभांश तय करने की मांग की।प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष प्रेम प्रकाश यादव, जिला महासचिव रबीन्द्र प्रताप सिंह समेत कई ब्लॉकों के राशन विक्रेता मौजूद रहे।