
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। चौक क्षेत्र के नक्खास इलाके में रहने वाले एक ही परिवार के लोग कश्मीर से लौटते समय भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए। अमरोहा और संभल बॉर्डर के पास गंगा एक्सप्रेसवे पर उनकी स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।जानकारी के अनुसार, लखनऊ के चमड़ा कारोबारी अबूबकर अपने परिवार के साथ गर्मी की छुट्टियों में कश्मीर घूमने गए थे। वापसी के दौरान मंगलवार रात यात्रा के बाद बुधवार सुबह लगभग 10:30 बजे सैदनगली थाना क्षेत्र के पास चालक को झपकी आने से वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कुछ यात्री बाहर गिर पड़े।इस हादसे में अबूबकर, उनकी भांजी जुनैरा (15) और परिवार की एक अन्य सदस्य हिना (28) की मौत हो गई। वहीं अबूबकर की पत्नी कुलसुम, भाई मोहम्मद उमर सहित कई बच्चे और अन्य परिजन घायल हुए हैं, जिनका इलाज संभल और मुरादाबाद के अस्पतालों में चल रहा है। कुछ घायलों को गंभीर हालत में रेफर किया गया है।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को नींद की झपकी आना बताया गया है, हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। परिवार में हुई इस दर्दनाक घटना के बाद लखनऊ स्थित घर में मातम पसरा हुआ है।