
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी लखनऊ जिला महिला मोर्चा ने मंगलवार को काकोरी ब्लॉक सभागार में खाद्य एवं तेल संरक्षण विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को ईंधन बचत, संतुलित खान-पान और खाद्य तेल के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करना था।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रदेश महिला मोर्चा की कार्यालय प्रभारी रमा सिंह ने कहा कि कम ईंधन में अधिक पोषण वाले भोजन की आदतें अपनाना समय की जरूरत है। उन्होंने प्रेशर कुकिंग, स्टीमिंग और भोजन को ढककर पकाने जैसी तकनीकों को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे ईंधन की बचत के साथ भोजन के पोषक तत्व भी सुरक्षित रहते हैं।विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय उपाध्यक्ष महिला मोर्चा सुमन कुरील ने खाद्य तेल के सही इस्तेमाल पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि तेल को बार-बार गर्म करना स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। उन्होंने लोगों से सुरक्षित खान-पान की आदतें अपनाने की अपील की।कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा लखनऊ जिला अध्यक्ष विजय कुमार मौर्य ने की। उन्होंने कहा कि खाद्य एवं तेल संरक्षण को लेकर चलाया जा रहा जन-जागरूकता अभियान लोगों को संसाधनों के सही उपयोग के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने मोटे अनाज और कम ईंधन में तैयार होने वाले पारंपरिक व्यंजनों को भोजन में शामिल करने की सलाह दी।संगोष्ठी में कई महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष एवं संयोजक प्रतिभा वर्मा ने किया।