
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं से जोड़ने के उद्देश्य से ऋचा मुनालश्री ट्रस्ट एवं दिशा प्रगति फाउंडेशन द्वारा लोक कला उत्सव एवं मातृ शक्ति उत्सव का आयोजन अंतरराष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान सभागार में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महिला आयोग उत्तर प्रदेश की सदस्य रितु शाही और पूर्व पार्षद हेमा सनवाल ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों की लगभग 25 महिलाओं ने “मदर फैशन वॉक” में भाग लिया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक अपनी प्रस्तुति दी।कार्यक्रम में प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा मोमेंटो, शैशे और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही कथक गुरु रुचि खरे, कैप्टन किरण शुक्ला, शिक्षाविद मंजू घिल्डियाल और समाजसेवी अरुण सक्सेना सहित कई विशिष्ट व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया।इस आयोजन में गायन, वादन और नृत्य की विभिन्न प्रतियोगिताओं में लगभग 100 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। निर्णायक मंडल में यशभारती सम्मानित ऋचा जोशी सहित कई विशेषज्ञ शामिल रहे।लोक नृत्य, सेमी क्लासिकल नृत्य, युगल नृत्य तथा लोकगीत/फिल्मी गायन की विभिन्न श्रेणियों में विजेताओं की घोषणा की गई। बच्चों से लेकर वरिष्ठ आयु वर्ग तक के प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया।कार्यक्रम में विभिन्न सांस्कृतिक संस्थाओं ने भी अपनी प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा वातावरण लोक संस्कृति और भारतीय परंपराओं से सराबोर रहा। आयोजन का संचालन डॉ. मानसी बिष्ट ने किया।