
PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर। लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में हुए भीषण अग्निकांड में जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में मंगलवार को घंटाघर चौराहा स्थित भारत माता प्रतिमा स्थल पर कानपुर उद्योग व्यापार मंडल उत्तर की ओर से श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा में व्यापारियों और पदाधिकारियों ने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। जिला महामंत्री कृपाशंकर त्रिवेदी ने कहा कि लखनऊ की यह घटना बेहद दुखद और हृदय विदारक है। बड़ी संख्या में युवाओं और छात्र-छात्राओं का असमय निधन पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि इस हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।युवा उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष महेंद्र गुप्ता ने घटना की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा मानकों को प्रभावी ढंग से लागू किया जाना चाहिए। साथ ही यदि जांच में किसी अधिकारी या संबंधित व्यक्ति की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।श्रद्धांजलि सभा में कृपाशंकर त्रिवेदी, प्रदीप गुप्ता, रामेश्वर गुप्ता, देवी खन्ना, संत मिश्रा, सत्यप्रकाश जायसवाल, महेंद्र गुप्ता समेत बड़ी संख्या में व्यापारी और पदाधिकारी मौजूद रहे।